उत्तराखंडऋषिकेशनिरीक्षण

सड़क पर निर्माण सामग्री देख विधायक नाराज, तत्काल हटाने के निर्देश

135 करोड़ की सीवर परियोजना का डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया निरीक्षण, पेयजल लाइनें दुरुस्त करने और नालियों की सफाई के दिए निर्देश

ऋषिकेश, 17 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शनिवार को देहरादून रोड पर 135 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य (पैकेज नंबर-6) का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री रखे जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अभियंता दीपक वत्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि त्योहारी सीजन में सड़क पर निर्माण सामग्री रखे जाने से यातायात प्रभावित हो रहा है और आमजन को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने सड़क पर रखी अतिरिक्त निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने तथा कार्य की आवश्यकता के अनुसार ही सीमित मात्रा में सामग्री रखने के निर्देश दिए, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।

क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान विधायक ने सीवर लाइन निर्माण कार्य के कारण क्षतिग्रस्त हो रही पेयजल लाइनों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।

वहीं, सड़क के दोनों ओर बनी नालियों में गंदगी जमा होने और नालियों के खुले होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। इस संबंध में डॉ. अग्रवाल ने नगर निगम के अधिशासी अभियंता अनिल नेगी से फोन पर वार्ता कर नालियों की सफाई कराने तथा खुली नालियों को स्लैब लगाकर ढकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो, यह सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के साथ जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह, पार्षद आशु डंग, जिला महामंत्री कौशल बिजल्वाण, पार्षद सोनू पांडेय, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, संजय ध्यानी, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा, रमेश अरोड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button