होटल में चल रहे जुए का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार
2.80 लाख रुपये नकद, 208 ताश के पत्ते और 11 मोबाइल फोन बरामद




ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने गुमानीवाला स्थित एक होटल में छापेमारी कर जुआ खेलते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 2,80,130 रुपये नकद, ताश के 208 पत्ते और 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों और जुए के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 अक्टूबर को श्यामपुर क्षेत्र के गुमानीवाला में होटल चेकिंग के दौरान पुलिस टीम होटल सदमार्ग परिवार पहुंची। होटल के प्रथम तल पर स्थित कमरा नंबर 102 में शोरगुल होने की सूचना पर पुलिस ने जांच की तो वहां 10 लोग गोल घेरा बनाकर ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाते हुए मिले।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविन्द्र सिंह रावत, अभिषेक रौतेला, मनोज, संजय प्रजापति, कमल प्रजापति, अजय प्रजापति, शंकर प्रजापति, मोहित, ऋषि और सुल्तान सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने जुए की फड़ से 2,80,130 रुपये नकद और 52-52 पत्तों के चार सेट यानी कुल 208 ताश के पत्ते बरामद किए। इसके अलावा आरोपियों की तलाशी में विभिन्न कंपनियों के 11 मोबाइल फोन भी मिले। बरामद सामान को नियमानुसार कब्जे में लेकर सीलबंद किया गया।
इस मामले में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 542/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, अपर उपनिरीक्षक मनोज रावत व मनीष पंवार तथा कांस्टेबल संदीप भट्ट, अशोक कुमार, तेज सिंह और दिनेश मेहर शामिल रहे।





