



ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): पं. ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश के छात्र-छात्राओं ने अंतर-महाविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर परिसर का नाम रोशन किया। ओमकारानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (ओएमआईआईटी), ऋषिकेश में 6 और 7 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में परिसर की महिला टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि पुरुष टीम उपविजेता रही।

इस उपलब्धि पर रविवार को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को अपने आवास पर आमंत्रित कर सम्मानित किया। इस दौरान नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान भी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के महिला वर्ग में छह महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। पं. ललित मोहन शर्मा परिसर की टीम ने शानदार खेल और बेहतर रणनीति के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, पुरुष वर्ग में आठ टीमों के बीच हुए मुकाबले में परिसर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
महिला वर्ग की विजेता टीम में ईशांक चौधरी, कृष्णा, अनुष्का कश्यप और सिमरन तिवारी शामिल रहे। वहीं, पुरुष वर्ग की उपविजेता टीम में देवेश, सोनू शाह, आदित्य नेगी, पीयूष गुप्ता और राहुल आर्य ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि शतरंज एकाग्रता, दूरदर्शिता और सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है। महिला टीम का विजेता बनना पूरे क्षेत्र और प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि महिला सशक्तीकरण का भी सकारात्मक संदेश देती है।
महापौर शंभू पासवान ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सुरेंद्र नौडियाल, पूजा रावत, शशि कंडवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





