14 बीघा में भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण, क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान
नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और सभासद बबीता रमोला ने किया उद्घाटन, सौंदर्यीकरण व विकास कार्यों को गति देने पर जोर




मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के वार्ड संख्या छह स्थित 14 बीघा में रविवार को भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और वार्ड सभासद बबीता रमोला ने संयुक्त रूप से प्रवेश द्वार का उद्घाटन किया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने प्रवेश द्वार के निर्माण को क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

लोकार्पण के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि प्रवेश द्वार किसी भी क्षेत्र की पहचान और सुंदरता का प्रतीक होते हैं। ऋषिकेश और मुनिकीरेती की सीमा पर निर्मित यह द्वार क्षेत्र को नई पहचान प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र की सीमाओं पर आवश्यकता के अनुसार इसी प्रकार के प्रवेश द्वारों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

वहीं, वार्ड सभासद प्रतिनिधि अजय रमोला ने कहा कि यह प्रवेश द्वार केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र की पहचान, गौरव और विकास का प्रतीक है। ऋषिकेश की सीमा से मुनिकीरेती में प्रवेश करते ही यह द्वार क्षेत्र की सुंदरता में चार चांद लगाएगा और सकारात्मक संदेश देगा।
उन्होंने कहा कि वार्ड में स्वच्छता, सफाई व्यवस्था और जनहित से जुड़े अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष, सभासद और जनप्रतिनिधि क्षेत्र के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं। जनता के सहयोग से क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मौजूद क्षेत्रवासियों ने प्रवेश द्वार के निर्माण पर प्रसन्नता जताते हुए इसे वार्ड के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में सराहनीय कदम बताया।





