



ऋषिकेश, 24 जनवरी (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सतत प्रयासों के अंतर्गत निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकैडमी को महत्वपूर्ण शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इसी क्रम में श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चमन पोखरियाल, एनजीए के प्रबंधक सहित विद्यालय प्रबंधन एवं भाजपा पदाधिकारी आज डॉ. अग्रवाल के आवास पर पहुंचे और उनके इस सराहनीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
ज्ञात हो कि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विद्यालय के विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं बौद्धिक उन्नति को ध्यान में रखते हुए 5 स्मार्ट बोर्ड, 25 चेस मैट तथा 25 चेस क्लॉक उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। इस घोषणा को अमलीजामा पहनाए जाने पर विद्यालय प्रबंधन एवं भाजपा पदाधिकारियों ने डॉ. अग्रवाल को पटका पहनाकर तथा मिष्ठान भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। आधुनिक तकनीक और बौद्धिक खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं तार्किक क्षमता का विकास करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट बोर्ड जैसे आधुनिक शिक्षण उपकरण बच्चों को पढ़ाई के प्रति अधिक आकर्षित करते हैं, वहीं शतरंज जैसे खेलों से उनकी एकाग्रता, रणनीतिक सोच और निर्णय क्षमता का विकास होता है।
डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।
इस अवसर पर सरदार गुरजिंदर सिंह, दिनेश पैन्यूली (खेल शिक्षक) एवं अमित सैनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. अग्रवाल के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बताया।









