
देहरादून(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को शासकीय आवास में उत्तराखण्ड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून की वेबसाइट एवं ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड क्षत्रिय कल्याण समिति समाज को जागरूक करने के साथ ही जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही प्रदेश को विकास की नई दिशा दी जा सकती है।
युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी का आह्वान
मुख्यमंत्री श्री धामी ने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक दिशा में उपयोग उत्तराखण्ड के विकास को गति प्रदान कर सकता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर समाज और प्रदेश के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की।
शिक्षा को बताया समाज के सर्वांगीण विकास का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज के सर्वांगीण विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से समाज के बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना आवश्यक है। बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जाना चाहिए, ताकि वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक संगठनों का दायित्व केवल अपने समाज तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि व्यापक सामाजिक हित में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। आपसी सहयोग, समन्वय और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से प्रदेश में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक सुरेश सिंह चौहान, दिगंबर सिंह नेगी, गोविंद बिष्ट, सोहन सिंह नेगी, श्रीमती आशा असवाल, धनपाल रावत, किशन भंडारी, प्रताप सिंह बिष्ट, चंदन सिंह भंडारी सहित उत्तराखण्ड क्षत्रिय कल्याण समिति के पदाधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



