उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, सीएम धामी ने हजारों लोगों के साथ निकाली ‘हर घर तिरंगा यात्रा’

मुख्यमंत्री बोले- तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक, स्वतंत्रता दिवस पर हर घर फहराएं राष्ट्रध्वज

देहरादून (दिलीप शर्मा): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति के रंग में रंगे देहरादून में रविवार को ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। गांधी पार्क से घंटाघर तक निकाली गई इस भव्य तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव जीवंत रखने का आह्वान किया।

यात्रा से पहले मुख्यमंत्री श्री धामी ने घंटाघर स्थित उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के महानायक स्व. श्री इन्द्रमणि बडोनी एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान से गूंज उठा।

‘तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव’ : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव और राष्ट्रीय एकता का उत्सव है। तिरंगा करोड़ों भारतवासियों के सम्मान, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान और शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।

उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को सदैव प्रतिबद्ध रहना होगा। राष्ट्रध्वज हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है।

भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से बढ़ रहा : सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। देश की अर्थव्यवस्था तेज गति से आगे बढ़ रही है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से भारत आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि आज भारत अनेक क्षेत्रों में दुनिया को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। देश की क्षमता और सामर्थ्य का विस्तार हुआ है, जिससे वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका और मजबूत हुई है।

सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर से दुनिया ने देखी भारत की ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना का मनोबल लगातार बढ़ा है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों से भारत ने पूरी दुनिया को अपनी सैन्य शक्ति और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है।

उन्होंने कहा कि भारत अब रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ रक्षा उपकरणों का निर्यातक भी बन रहा है। उत्तराखण्ड को वीरभूमि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। यहां के हर दूसरे परिवार का कोई न कोई सदस्य देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 30 से अधिक क्षेत्रों के लिए विशेष नीतियां तैयार कर विकास का रोडमैप बनाया गया है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखण्ड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिछले एक वर्ष में प्रदेश की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि राज्य की प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है।

20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित, युवाओं को मिल रहे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में रिवर्स पलायन को बढ़ावा मिला है और इसमें 44 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने में उत्तराखण्ड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे योजना और पर्यटन नीति जैसी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

सख्त कानूनों से सुशासन और पारदर्शिता को मिली मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में कड़ा धर्मांतरण विरोधी कानून, कठोर दंगा रोधी कानून और देश का पहला समान नागरिक संहिता कानून लागू किया है।

उन्होंने कहा कि मदरसा बोर्ड समाप्त कर उत्तराखण्ड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले 250 से अधिक अवैध मदरसों पर कार्रवाई की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं, नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में बिना किसी धांधली के 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद

हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, श्रीमती सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, श्रीमती दीप्ति रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button