उत्तराखंडऋषिकेश

अवैध निर्माणों के खिलाफ एमडीडीए का हल्लाबोल

ऋषिकेश में 10 बड़े निर्माणों पर सीलिंग, 4 को शपथपत्र पर मिली राहत

ऋषिकेश,: नगर क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ एमडीडीए (मुसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 बड़े अवैध निर्माणों को सील कर दिया। यह कार्रवाई एसडीएम योगेश मेहरा के आदेशों पर की गई। एमडीडीए की देहरादून से आई विशेष टीमों ने पुलिस बल की उपस्थिति में एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
एमडीडीए की टीम ने जहां दस निर्माणों को सील किया, वहीं चार अन्य निर्माणों को अस्थायी राहत दी गई। इन चार भवन मालिकों ने शपथ पत्र देकर एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य को कम्पाउंड कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद उनके खिलाफ तत्काल सीलिंग टाल दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक कम्पाउंडिंग की प्रक्रिया पूरी नहीं होगी, तब तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जा सकेगा।

सूत्रों के अनुसार, सीलिंग के बावजूद कुछ निर्माण स्थलों पर चोरी-छिपे काम जारी रहता है। इस पर एमडीडीए ऋषिकेश कार्यालय पर अक्सर सुविधा शुल्क लेकर निर्माण कार्य करवाने के आरोप लगते रहे हैं। बताया जा रहा है कि साधना टीवी जल्द ही एमडीडीए द्वारा नियमों की अनदेखी कराकर किए जा रहे ऐसे निर्माण कार्यों का पर्दाफाश करने वाला है।

इस बीच, एसडीएम योगेश मेहरा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध निर्माणों के मामले में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नियमों के विरुद्ध चल रहे निर्माण कार्यों की शिकायत सीधे एसडीएम कार्यालय में दर्ज कराएं।
अधिकारियों का कहना है कि शहर की सुंदरता और नियोजन को बनाए रखने के लिए अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
— रिपोर्ट : दिलीप शर्मा, ऋषिकेश

Related Articles

Back to top button