टिहरी झील रेस्क्यू ऑपरेशन: SDRF के जांबाज़ जवान सम्मानित
एक्रो फेस्टिवल एवं SIV चैंपियनशिप 2026 के दौरान झील में गिरे दो पैराग्लाइडर पायलटों की बचाई गई थी जान

टिहरी, (दिलीप शर्मा): एक्रो फेस्टिवल एवं SIV चैंपियनशिप टिहरी 2026 के दौरान 29 जनवरी 2026 को पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के समय दो पैराग्लाइडर पायलटों के टिहरी झील में गिरने की घटना पर SDRF टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया था। SDRF जवानों की सतर्कता, साहस एवं पेशेवर दक्षता के चलते दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।


उक्त साहसिक एवं सराहनीय रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल SDRF जवानों को आज 02 फरवरी 2026 को वाहिनी मुख्यालय में सम्मानित किया गया। सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा मुख्य आरक्षी शैलेंद्र चमोली, आरक्षी रविन्द्र सिंह, आरक्षी दीपक एवं टेक्निशियन अक्षय कुमार को सम्मानित करते हुए उनकी त्वरित रेस्क्यू कार्यवाही, अनुशासन एवं उत्कृष्ट समन्वय की सराहना की गई। इस अवसर पर जवानों को नगद पारितोषिक भी प्रदान किया गया।

सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी ने कहा कि साहसिक खेल आयोजनों के दौरान SDRF की तत्परता एवं सजगता जन-सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। जवानों द्वारा किया गया यह रेस्क्यू ऑपरेशन SDRF की कार्यकुशलता, प्रतिबद्धता एवं सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिस पर संपूर्ण बल को गर्व है।









