ऋषिकेश के रक्तमित्र रोहित बिजल्वाण को गाज़ीपुर में नेशनल अवार्ड
अब तक 12 हजार से अधिक मरीजों की कर चुके हैं मदद, रक्तदान सेवाओं के लिए हुआ सम्मान


ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश निवासी एवं रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर सेवा दे रहे रक्तमित्र रोहित बिजल्वाण को उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस सम्मान से न केवल रोहित बिजल्वाण बल्कि ऋषिकेश शहर का नाम भी देशभर में गौरवान्वित हुआ है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अभिनव सिन्हा, विशिष्ट अतिथि डॉ. टी. पी. सिंह तथा जीवन रक्षक फाउंडेशन के संस्थापक शीर्ष दीप सहित उनकी पूरी टीम ने रोहित बिजल्वाण को उनकी उत्कृष्ट रक्तदाता सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय रोहित बिजल्वाण न केवल स्वयं नियमित रूप से रक्तदान करते हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर अपने मित्रों और अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं। उनके प्रयासों से अब तक 12,000 से अधिक जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा चुका है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद रोहित बिजल्वाण ने कहा कि यह अवार्ड उनके लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है और प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे बढ़कर रक्तदान करना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील की।
रोहित बिजल्वाण की इस उपलब्धि से क्षेत्र में सामाजिक सेवा और रक्तदान के प्रति जागरूकता को नई प्रेरणा मिली है।









