



ऋषिकेश (दिलीप शर्मा):महिला एवं बाल विकास विभाग एवं पोषण अभियान के अंतर्गत कुम्हारबाड़ा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा भाजपा प्रदेश मंत्री कविता शाह ने मुख्य वक्ता के रूप मे प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक विधि-विधान के साथ गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई।
आंगनवाड़ी केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को फल एवं पौष्टिक आहार वितरित किया गया। इस दौरान महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, आंगनवाड़ी केंद्र में आने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोषण सामग्री एवं उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

स्वस्थ मां से ही स्वस्थ शिशु और सशक्त समाज : शम्भू पासवान
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ शिशु और सशक्त समाज की आधारशिला होती है। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अपने स्वास्थ्य एवं पोषण का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, स्वच्छता का ध्यान रखने तथा समय-समय पर चिकित्सकीय जांच एवं चिकित्सकों से परामर्श लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। इस प्रकार के कार्यक्रमों से गर्भवती महिलाओं और बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन आंगनवाड़ी संचालिका वीरबाला एवं सहायिका लक्ष्मी गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष निवेदिता सरकार, नामित पार्षद सोनू पांडे, संचालिका वीरबाला, सहायिका लक्ष्मी गुप्ता, ज्योति, कुसुम यादव सहित क्षेत्र की मातृशक्ति मौजूद रही।




