CISCE नेशनल हॉकी में उपविजेता उत्तराखंड टीम के चार खिलाड़ियों का सम्मान
मुनिकीरेती-ढालवाला पालिका क्षेत्र के श्रेयांश, सार्थक, चैतन्य और अग्रिम ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव; पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने फूलमाला व मोमेंटो भेंट कर किया सम्मान




मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): बैंगलोर में आयोजित CISCE नेशनल गेम एंड स्पोर्ट्स-2026 हॉकी अंडर-19 प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया। प्रदेश की टीम की इस उपलब्धि में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र के चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से पालिका क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।

उत्तराखंड की हॉकी टीम में श्रेयांश बिजल्वाण, सार्थक रांगड, चैतन्य प्रजापति और अग्रिम डोभाल ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान चारों खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड का उपविजेता रहना प्रदेश के साथ ही मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की ओर से उनका उत्साहवर्धन किया गया। पालिका कार्यालय में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने चारों खिलाड़ियों को फूलमाला पहनाकर एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों के परिजनों को भी सम्मानित करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया गया।
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना और टीम को उपविजेता बनाने में योगदान देना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि इन प्रतिभाओं को उचित मंच, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। खेलों के माध्यम से युवा न केवल अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला सकते हैं, बल्कि अपने परिवार, क्षेत्र और प्रदेश का नाम भी रोशन कर सकते हैं।
सम्मान समारोह में खिलाड़ियों के परिजनों ने भी पालिका अध्यक्ष एवं पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद सम्मानित किए गए श्रेयांश बिजल्वाण, सार्थक रांगड, चैतन्य प्रजापति और अग्रिम डोभाल ने भी अपने अनुभव साझा किए। खिलाड़ियों ने भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और क्षेत्र का नाम देशभर में रोशन करने का संकल्प व्यक्त किया।
चारों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों में भी उत्साह है। उनकी सफलता को युवा खेल प्रतिभाओं के लिए सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।




