उत्तराखंडऋषिकेशराजनीतिशिष्टाचार भेंट

नवनियुक्त जिला अध्यक्षों ने विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से की शिष्टाचार भेंट

ऋषिकेश में संगठनात्मक जिला अध्यक्षों का पारंपरिक स्वागत, भाजपा संगठन को मजबूत करने का संकल्प

ऋषिकेश, 16 दिसंबर (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा अंतर्गत संगठनात्मक जिला के विभिन्न मोर्चों के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों ने उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विधायक डॉ. अग्रवाल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

डॉ. अग्रवाल ने युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिवम टुटेजा, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती ममता नयाल, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष चंद्रभान पाल, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष आनंद सिंह एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष सतीश सिंह को उनके दायित्वों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपा जाना संगठन के लिए गौरव का विषय है।

विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसकी सबसे बड़ी शक्ति उसका सशक्त संगठन और निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्ष संगठन को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ेगा, महिला मोर्चा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सशक्त मंच प्रदान करेगा, किसान मोर्चा किसानों की समस्याओं के समाधान और उनकी आय बढ़ाने के लिए कार्य करेगा, जबकि अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक मोर्चा समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में  नितिन नबीन के नियुक्त होने पर भी उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति भाजपा की कार्यकर्ता आधारित राजनीति और आंतरिक लोकतंत्र का सशक्त उदाहरण है। डॉ. अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी तथा पार्टी राष्ट्रहित एवं जनकल्याण के अपने संकल्पों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।

Related Articles

Back to top button