उत्तराखंडऋषिकेशजनहित

विधायक निधि से 42 आंगनबाड़ी केंद्रों को वितरित की गई आवश्यक सामग्री

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल बोले- बच्चों के पोषण, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए संसाधनों की उपलब्धता जरूरी

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ बनाने और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने पहल की है। बुधवार को श्यामपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. अग्रवाल ने अपनी विधायक निधि से विधानसभा क्षेत्र के करीब 42 आंगनबाड़ी केंद्रों को आवश्यक सामग्री वितरित की।

इस दौरान खदरी, गढ़ी मयचक, रायवाला, प्रतीतनगर, साहब नगर, छिद्दरवाला, चक जोगीवाला, गुमानीवाला, श्यामपुर और भट्टोवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सामग्री प्रदान की गई। वितरित सामग्री में प्लास्टिक टेबल-कुर्सियां, अलमारी, ट्रंक, वजन मशीन, एल्युमिनियम के पतीले, आठ लीटर के प्रेशर कुकर, प्लास्टिक हॉर्स सहित अन्य आवश्यक सामान शामिल रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और संस्कारों की नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य और पोषण के लिए कार्य करती हैं। ऐसे में केंद्रों पर जरूरी संसाधन उपलब्ध होने से कार्यकत्रियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में सहूलियत मिलेगी और बच्चों को बेहतर वातावरण मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारवान बच्चे ही सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। क्षेत्र के विकास के साथ ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधासंपन्न बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चमन पोखरियाल, मंडल महामंत्री पंकज जुगलान, युवा मोर्चा महामंत्री कौशल बिजलवान, जिला उपाध्यक्ष पुष्पा ध्यानी, मंडल महामंत्री सतपाल राणा, शोभन कैंतुरा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपा राणा, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री जितेंद्र पोखरियाल, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपक जुगलान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button