

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र, ऋषिकेश में राज्य स्तरीय महिला अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, पूर्व पार्षद विपिन पंत एवं शिवालिक भागीरथी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक लक्ष्मण सिंह चौहान द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल ने अपने संबोधन में कहा कि समय के साथ खेलों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। पहले खेल को शिक्षा के विपरीत माना जाता था, लेकिन आज खेल युवाओं को उज्ज्वल भविष्य के अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। वर्तमान समय में युवा पीढ़ी मोबाइल की ओर अधिक आकर्षित हो रही है, जिससे शारीरिक गतिविधियां कम हो रही हैं। ऐसे में खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद को समान महत्व देने से ही व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास संभव है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने कहा कि राज्य स्तरीय महिला अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी करना विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विद्यालय परिवार आयोजन को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग करेगा।

प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने प्रतिभाग किया। सेमीफाइनल मुकाबलों में पहला सेमीफाइनल उधम सिंह नगर और टिहरी जनपद के बीच तथा दूसरा सेमीफाइनल देहरादून और नैनीताल जनपद के बीच खेला गया। फाइनल मैच देहरादून और उधम सिंह नगर के बीच हुआ, जिसमें देहरादून की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान उधम सिंह नगर एवं तृतीय स्थान टिहरी जनपद की टीम को मिला।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में सर्वाधिक विकेट लेने के लिए अंशिका (देहरादून) तथा सर्वाधिक रन बनाने के लिए दिव्या (देहरादून) को बेस्ट प्लेयर का अवार्ड प्रदान किया गया।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक पंकज सती नागवत ने बताया कि भविष्य में भी विद्यालय में इस प्रकार के खेल आयोजनों को निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सके।
इस अवसर पर अमित जैसवाल, डीपी रतूड़ी, नरेंद्र सिंह रावत, ललित मोहन जोशी, सुशील सैनी, पूर्व पार्षद विपिन पंत, मीडिया प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता, हरेंद्र राणा, खेल संयोजक रविंद्र सिंह रावत, चंद्रपाल सिंह, जयदेव सिंह रावत, त्रिभुवन सिंह बिष्ट, अजय नैथानी, अमित कुमार, भुवेंद्र सिंह, अनूप रावत, लक्ष्मण सिंह, सुनीता रावत, इंदु काला, मोनिका चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









