आश्रम से चोरी हुए दो मोबाइल फोन बरामद, एक गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपी के कब्जे से वनप्लस के दोनों मोबाइल बरामद

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): मायाकुंड स्थित एक आश्रम से दो मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए वनप्लस कंपनी के दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, श्री कृष्ण कुंज, मायाकुंड निवासी स्वामी गोपालाचार्य, शिष्य स्वामी कृष्णाचार्य जी महाराज ने दो नवंबर को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया था कि उनके कक्ष से दो मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं। आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक अज्ञात व्यक्ति कक्ष में प्रवेश कर मोबाइल फोन चोरी करता हुआ दिखाई दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश ने पुलिस टीम गठित की। गठित टीम ने सुराग जुटाते हुए तीन नवंबर को मुखबिर की सूचना पर ट्रांजिट कैंप के पीछे डग रोड से आरोपी अर्जुन (28) पुत्र राजकुमार अरोड़ा, निवासी भैरव मंदिर, लक्ष्मण झूला रोड, ऋषिकेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए वनप्लस 13आर और वनप्लस नोट-2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह पंवार, कांस्टेबल विनीत कुमार, दिनेश कामली और धर्मवीर सिंह शामिल रहे।





