
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने चार परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। ऋषिकेश पुलिस के अनुसार 16 दिसंबर 2025 की रात्रि को कंट्रोल रूम 112 से सूचना मिली कि पीएनबी सिटी गेट के पास ऋषिकेश–हरिद्वार मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी है। हादसे में कार सवार तीन-चार लोगों के हताहत होने की आशंका जताई गई थी।
सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश, श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जांच के दौरान पाया गया कि हरिद्वार की ओर से आ रही एक्सयूवी कार संख्या UK07 FS 5587 सड़क किनारे खड़े ट्रक संख्या HR 58 A 9751 से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शवों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया, जबकि दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक द्वारा किसी जानवर को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराया।
फिलहाल पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।









