
ऋषिकेश | 03 फरवरी (दिलीप शर्मा): कोतवाली ऋषिकेश अंतर्गत त्रिवेणी घाट पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब गंगाजी के तेज बहाव में डूब रहे एक युवक को ऋषिकेश पुलिस, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल की संयुक्त टीम ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग 10 बजे प्रांजल (उम्र लगभग 35 वर्ष), निवासी भनियावाला, देहरादून त्रिवेणी घाट पर गंगाजी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह गंगा की तेज जलधारा की चपेट में आ गया और बहते हुए डूबने लगा। युवक को बहता देख घाट पर मौजूद पर्यटकों व स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए त्रिवेणी घाट चौकी, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल के जवान तत्काल हरकत में आए। बिना समय गंवाए आपदा राहत उपकरणों के साथ परस्पर समन्वय स्थापित करते हुए जवानों ने जान की परवाह किए बिना गंगा के तेज बहाव में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद युवक को 72 सीढ़ी के पास से बाहर निकाला।
बताया गया कि गंगा के तेज बहाव में काफी दूर तक बह जाने के कारण युवक की श्वास एवं हृदय गति अत्यंत मंद हो चुकी थी। इस आपात स्थिति में भी बचाव दल ने पूर्ण धैर्य का परिचय देते हुए एम्बुलेंस के पहुंचने तक मौके पर ही सीपीआर देना शुरू किया। अथक प्रयासों के बाद युवक को होश में लाया गया, जिसके पश्चात उसे एम्बुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश चिकित्सालय भेजा गया।
इस साहसिक रेस्क्यू अभियान में शामिल पुलिस एवं आपदा राहत दल के जवानों की तत्परता एवं मानवता की सराहना की जा रही है।
बचाव दल में शामिल जवान—
1. आरक्षी हरीश कुमार – आपदा राहत दल, 40 बटालियन हरिद्वार
2. आरक्षी संतराम – आपदा राहत दल, 40 बटालियन हरिद्वार
3. आरक्षी अनिल कुमार – आपदा राहत दल, 40 बटालियन हरिद्वार
4. गोताखोर विनोद सेमवाल – जल पुलिस
5.आरक्षी भुवन चन्द्र – चौकी त्रिवेणी घाट









