Blog

बाघ, जंगल और पर्यटन का संगम

8 फरवरी को अलवर टाइगर इंटरनेशनल हॉफ मैराथन का भव्य आयोजन

  • 35 देशों के धावकों के साथ अलवर बनेगा पर्यावरण संरक्षण का वैश्विक मंच
  • रणदीप हुड्डा होंगे ब्रांड एंबेसडर, 18 हजार से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी

देहरादून/अलवर (दिलीप शर्मा): वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और फिटनेस को एक सूत्र में पिरोते हुए अलवर टाइगर इंटरनेशनल हॉफ मैराथन (एटीएम-2026) का आयोजन आगामी 8 फरवरी 2026 को अलवर में किया जाएगा। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट और पर्यावरण संरक्षण की राष्ट्रीय सोच को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

इस अंतरराष्ट्रीय मैराथन के ब्रांड एंबेसडर बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा होंगे, जो स्वयं आयोजन के दौरान अलवर में उपस्थित रहेंगे। मैराथन में केन्या, दक्षिण अफ्रीका, मोरक्को, बहरीन, तंज़ानिया और इथियोपिया सहित कुल 35 देशों के अंतरराष्ट्रीय धावक भाग लेंगे। इनके साथ देशभर से आने वाले लगभग 18 हजार धावक अलवर की सड़कों पर दौड़ते हुए बाघ संरक्षण, वन सुरक्षा और जिम्मेदार पर्यटन का संदेश वैश्विक स्तर तक पहुंचाएंगे। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन में करीब 400 दिव्यांगजन भी सहभागिता करेंगे।

केंद्रीय मंत्री व राज्य सरकार के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद

आयोजन के अवसर पर केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, प्रदेश के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा सहित पर्यटन एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

केवल खेल आयोजन नहीं, जन-जागरूकता का माध्यम: भूपेंद्र यादव

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि अलवर टाइगर इंटरनेशनल हॉफ मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरणीय जागरूकता और पर्यटन संवर्धन का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजन युवाओं को प्रकृति से जोड़ने और संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाने का कार्य करते हैं।

स्वस्थ नागरिक और सुरक्षित पर्यावरण का साझा विज़न: दिया कुमारी

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय मैराथन उस विज़न को आगे बढ़ाती है, जिसमें स्वस्थ नागरिक, सुरक्षित पर्यावरण, सतत विकास और जिम्मेदार पर्यटन को एक-दूसरे का पूरक माना गया है।

जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का मंच: संजय शर्मा

राजस्थान के वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि अलवर टाइगर मैराथन पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने वाला एक सशक्त मंच है, जो समाज के हर वर्ग को इस अभियान से जोड़ता है।

पर्यावरण संरक्षण से जुड़ना गर्व की बात: रणदीप हुड्डा

ब्रांड एंबेसडर और अभिनेता रणदीप हुड्डा ने कहा कि अलवर टाइगर हाफ मैराथन से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है। पर्यावरण संरक्षण उनकी व्यक्तिगत सोच का हिस्सा रहा है और यह आयोजन उसी लक्ष्य को मजबूती प्रदान करता है।

इको, वाइल्डलाइफ और स्पोर्ट्स टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

अलवर टाइगर हॉफ मैराथन को अलवर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इको-टूरिज्म, वाइल्डलाइफ टूरिज्म और स्पोर्ट्स टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। सरिस्का टाइगर रिज़र्व, अरावली की प्राकृतिक विरासत और अलवर की सांस्कृतिक पहचान को इस आयोजन के माध्यम से वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इससे स्थानीय पर्यटन, होटल उद्योग, गाइड सेवाओं और अन्य संबद्ध गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय आजीविका को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

चार श्रेणियों में दौड़, सामाजिक समावेशन का संदेश

फिट इंडिया विज़न के अनुरूप इस मैराथन में 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर रन, 5 किलोमीटर शक्ति रन और 2 किलोमीटर पैरा रन शामिल हैं। युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन समान रूप से इसमें भाग लेंगे, जिससे यह आयोजन सामाजिक समावेशन का सशक्त उदाहरण बनेगा।

संदेश स्पष्ट—बाघ सुरक्षित, तो भविष्य सुरक्षित

अलवर टाइगर मैराथन के माध्यम से एक बार फिर यह संदेश गूंजेगा कि बाघ सुरक्षित रहेगा तो जंगल सुरक्षित रहेंगे, और जंगल सुरक्षित रहेंगे तो पर्यावरण, पर्यटन और भविष्य—तीनों सुरक्षित रहेंगे

Related Articles

Back to top button