मुनिकीरेती-ढालवाला – बीती सोमवार रात्रि हुई अतिवृष्टि के बाद नगर पालिका परिषद क्षेत्र में हुई क्षति का मंगलवार को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई, विद्युत और पुलिस विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और क्षतिग्रस्त स्थानों की तत्काल मरम्मत कराने के आदेश दिए।

सहायक नदियों के उफान से तटबंध क्षतिग्रस्त
लगातार हो रही बारिश के चलते सोमवार देर रात्रि चंद्रभागा, खाराश्रोत और भैंसखाला ढालवाला जैसी सहायक नदियां उफान पर आ गईं। जलस्तर बढ़ने से 14 बीघा के समीप चंद्रभागा नदी में बने तटबंध का बड़ा हिस्सा ढह गया, वहीं खाराश्रोत नदी पर बने तटबंध का एक पुस्ता भी टूट गया। इससे आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

मंत्री ने दिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को शीघ्र क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को भी आदेशित किया कि रात्रि अथवा अतिवृष्टि के दौरान पहाड़ों की ओर जाने वाले वाहनों को तत्काल रोका जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सके।
विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।

राहत एवं बचाव कार्यों पर जोर
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को तेजी से अंजाम दिया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।









