
उत्तरकाशी, 17 जुलाई 2025 – उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में 17 जुलाई 2025 को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जान जोखिम में डालते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।
थाना धरासू के माध्यम से SDRF पोस्ट चिन्यालीसौड़ को सूचना प्राप्त हुई कि रोतल गांव के पास एक डंपर (UK10C 8081) अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया है। वाहन में तीन लोग सवार थे, जिनमें से कुछ खाई में फंसे हुए थे। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सचिन रावत के नेतृत्व में SDRF टीम मौके के लिए रवाना हुई। इसके अतिरिक्त SDRF की एक अन्य टीम पोस्ट उजेली, उत्तरकाशी से भी घटनास्थल के लिए भेजी गई।
घटनास्थल पर पहुँचते ही SDRF टीम ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू कार्य शुरू किया। जोखिमपूर्ण और विकट परिस्थितियों में टीम ने संयम और साहस का परिचय देते हुए दो घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से चिकित्सालय पहुँचाया। गंभीर रूप से घायल सूरज सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद चिन्यालीसौड़ से देहरादून स्थित दून अस्पताल रेफर किया गया। वहीं रामशंकर को भी SDRF द्वारा सतर्कता के साथ वाहन से बाहर निकाल कर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।
हालांकि, तीसरे युवक अजय सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। SDRF टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को ट्रक के नीचे से निकाल कर जिला पुलिस को सुपुर्द किया।
घायल व्यक्तियों का विवरण:
1. सूरज सिंह, पुत्र श्री शैलेन्द्र, उम्र 26 वर्ष, ग्राम कुमराडा, चिन्यालीसौड़ — गंभीर रूप से घायल, दून अस्पताल रेफर।
2. रामशंकर, पुत्र श्री चन्द्रमोहन, उम्र 50 वर्ष, ग्राम रोंतल, चिन्यालीसौड़ — SDRF द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू।
मृतक:
अजय सिंह, पुत्र श्री चन्दन सिंह, उम्र 25 वर्ष, ग्राम कुमराडा, चिन्यालीसौड़।
SDRF की त्वरित और साहसिक कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को और भी विकराल रूप लेने से रोक दिया। जिस मुस्तैदी और समर्पण के साथ टीम ने राहत व बचाव कार्य को अंजाम दिया, वह निश्चित ही प्रशंसा योग्य है। इस हादसे ने एक बार फिर SDRF के दक्ष संचालन और मानवीय संवेदनशीलता को रेखांकित किया है।









