
ऋषिकेश। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर के योग विज्ञान विभाग ने वरिष्ठ छात्र-छात्राओं के साथ देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी “वैश्विक समस्याएं और भारत के समाधान” में प्रतिभाग किया।

यह संगोष्ठी गायत्री परिवार के संस्थापक विचारों से प्रेरित होकर संपूर्ण भारतवर्ष से आध्यात्मिक आचार्य, शिक्षाविद, नीति-निर्माता और युवा प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने का प्रयास रही। उद्देश्य था—वर्तमान वैश्विक संकटों के समाधान हेतु भारत की सनातन परंपरा एवं योग दर्शन से प्रेरित व्यवहारिक, तर्कसंगत और मूल्यनिष्ठ उपायों की खोज।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र शेखावत रहे। वहीं महोपाध्याय भद्रेश दास स्वामी, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. पंड्या तथा देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं शिक्षाविदों की उपस्थिति में संगोष्ठी सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
योग विज्ञान विभाग की ओर से विभागाध्यक्ष डॉ. जयप्रकाश कंसवाल, वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. चंद्रेश्वरी नेगी तथा 12 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों में केशव, प्रांजलि, ज्योति, किरण, ईशान, अभय, निकिता, मिनाक्षी, पुष्पा, हिमांशी आदि शामिल रहे।
इस अवसर पर परिसर निदेशक प्रो. एस. रावत ने विभाग की उपलब्धि पर बधाई दी। योग समन्वयक प्रो. वी. के. गुप्ता ने अनुशासन बनाए रखने की विशेष प्रेरणा दी। वहीं कला संकाय अध्यक्ष प्रो. पी.के. सिंह ने इसे नई विचारधारा के सृजन का मंच बताते हुए हर्ष व्यक्त किया।









