उत्तराखंडऋषिकेश

नगर निगम ऋषिकेश का बड़ा अभियान : एक ही दिन में 178 निराश्रित गौवंश को गौशाला पहुँचाया

आगामी दो से तीन माह में करीब 600 निराश्रित गौवंश को विभिन्न मान्यता प्राप्त गौशालाओं में शिफ्ट किया जाएगा

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): 26 सितम्बर– नगर की सड़कों पर आवारा घूम रहे निराश्रित गौवंश से हो रही दुर्घटनाओं और अव्यवस्था से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ऋषिकेश ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत निगम की टीम ने 10 से 15 बड़े वाहनों की मदद से 178 निराश्रित गौवंश को पकड़कर हरिद्वार के गैडीखाता स्थित कृष्णायन गौशाला में शिफ्ट किया।

अभियान का नेतृत्व नगर निगम महापौर शंभू पासवान एवं पशु कल्याण आयोग के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) सुरेंद्र मोघा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल भी मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान का निरीक्षण किया।

महापौर शंभू पासवान ने बताया कि ऋषिकेश नगर में निराश्रित पशु लंबे समय से बड़ी चुनौती बने हुए हैं। निगम की ओर से न सिर्फ उन्हें पकड़कर गौशालाओं में भेजा जा रहा है, बल्कि जल्द ही ऋषिकेश में एक बड़ी गौशाला का निर्माण भी कराया जाएगा।

राज्य मंत्री सुरेंद्र मोघा ने कहा कि नगर निगम और पशु कल्याण आयोग मिलकर निराश्रित पशुओं की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण और गौवंश संरक्षण के लिए समर्पित हैं। आयोग इस अभियान में नगर निगम को पूरा सहयोग दे रहा है।

गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही नगर निगम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान महापौर और राज्य मंत्री ने शहर को आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया था। उन्होंने घोषणा की थी कि आगामी दो से तीन माह में करीब 600 निराश्रित गौवंश को विभिन्न मान्यता प्राप्त गौशालाओं में शिफ्ट किया जाएगा। उसी आश्वासन को अमल में लाते हुए शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई।

Related Articles

Back to top button