मुनिकीरेती में बनेगा पुलिस बूथ और वेलनेस सेंटर, बोर्ड बैठक में हंगामा
सभासदों ने अधिशासी अधिकारी के रवैये पर जताई नाराज़गी, छह समितियां भंग

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा) : मुनिकीरेती नगर पालिका की गुरुवार को हुई बोर्ड बैठक में भारी हंगामे के बीच कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में सभासद बृजेश गिरि की मांग पर शीशमझाड़ी स्थित खस्ताहाल शौचालय की जगह सामुदायिक भवन और वेलनेस सेंटर बनाने पर सहमति बनी। इस कार्य के लिए शासन से 21 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके साथ ही आस्थापथ पर पुलिस बूथ के निर्माण को भी हरी झंडी मिली। लगभग डेढ़ लाख रुपये की लागत से यह बूथ शीघ्र ही बनाया जाएगा।
फुटपाथ, बैरियर और नए शौचालय निर्माण के प्रस्ताव पारित
सभासद गजेंद्र सजवाण ने चौदहबीघा पुल पर फुटपाथ निर्माण और वाहनों की अनावश्यक आवाजाही रोकने के लिए बैरियर लगाने की मांग रखी, जिसे बोर्ड ने स्वीकृति दी।
सभासद बिनोद सकलानी ने ढालवाला मुख्य मार्ग पर शौचालय निर्माण का मुद्दा उठाया, जिसे भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
नगर पालिका की छाया समितियां भंग
बैठक में नगर पालिका की रखरखाव, क्रय-विक्रय, निर्माण, विद्युत, भवनकर और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व स्वच्छता समितियों को भंग करने का प्रस्ताव रखा गया।
सभासदों ने कहा कि इन समितियों से संबंधित कार्यों की जानकारी उन्हें नहीं मिल रही है। इस पर सर्वसम्मति से समितियों को भंग करने का निर्णय लिया गया।
अधिशासी अधिकारी पर तीखी टिप्पणी, हंगामे के बीच पारित हुआ स्थानांतरण प्रस्ताव
बैठक शुरू होते ही अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के कार्यशैली को लेकर सभासदों ने कड़ा विरोध जताया। अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने भी अधिकारियों के रवैये पर नाराज़गी जताई। हंगामे के बीच अधिशासी अधिकारी के स्थानांतरण का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित कर दिया गया।
सभासदों ने आरोप लगाया कि आठ माह बाद भी नगर क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हो पाए हैं। कई सभासदों ने यह भी कहा कि बिना उन्हें विश्वास में लिए निर्णय लिए जा रहे हैं।
‘झूठ मत बोलिए’ पर मचा हंगामा
बैठक के दौरान अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
अध्यक्ष ने अधिशासी अधिकारी से कहा, “आप झूठ मत बोलिए,” जिस पर अधिकारी ने जवाब दिया, “आप भी झूठ मत बोलिए।”
कुछ देर के लिए बैठक में सन्नाटा छा गया, लेकिन फिर विकास कार्यों को लेकर बहस जारी रही।
सभासदों ने लगाए गंभीर आरोप
सभासद विनोद खंडूड़ी ने आरोप लगाया कि नगर में 45 मीटर सड़क का निर्माण हुआ है, जबकि भुगतान 70 मीटर का किया गया।
वहीं, सभासद बृजेश गिरि ने बताया कि सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी की कॉपी अपठनीय दी गई है, जिससे अधिकारियों की नीयत पर सवाल उठे हैं।
बैठक में उपस्थित रहे
अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, सभासद बृजेश गिरि, स्वाति पोखरियाल, मीनू गोडियाल, लक्ष्मण भंडारी, अजय रमोला और विनोद खंडूड़ी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।









