उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

घनसाली प्रतिनिधिमंडल ने पिलखी स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन को लेकर की मुख्यमंत्री से मुलाकात

सीएम के आश्वासन के बाद हड़ताल स्थगित, पिलखी पीएचसी 30 शैय्यायुक्त सीएचसी में उच्चीकृत

देहरादून/टिहरी(दिलीप शर्मा) : घनसाली स्वास्थ्य जन संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर पिलखी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपनी चल रही हड़ताल को स्थगित कर दिया।

पिलखी पीएचसी को 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उच्चीकृत

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी (Type-B) को 30 शैय्यायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के रूप में उच्चीकृत कर दिया गया है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पिलखी और आसपास के हजारों लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ सुनिश्चित करेगा।

36 नये पदों का सृजन—स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर

सरकार ने स्वास्थ्य केंद्र के संचालन को सुचारू रखने हेतु कुल 36 पदों का सृजन किया है, जिसमें 26 नियमित और 10 आउटसोर्सिंग पद शामिल हैं। ये सभी पद अस्थायी रूप से 28 फरवरी 2026 तक स्वीकृत किए गए हैं, जिन्हें आवश्यकता अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है।

स्वास्थ्य सेवाओं में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई—सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार का लक्ष्य है कि पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं को मैदानों के बराबर विकसित किया जाए। पिलखी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।”

उन्होंने आगे कहा कि ‘हर घर स्वास्थ्य, हर व्यक्ति स्वस्थ’ के संकल्प के साथ राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है और पिलखी में स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन लोगों की लंबी प्रतीक्षा को समाप्त करेगा।

सीएम धामी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पिलखी स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक पदों की तैनाती, भवन सुधार एवं चिकित्सा सेवाओं के विस्तार पर शीघ्र कार्यवाही की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने व्यक्त किया आभार

मुलाकात के दौरान घनसाली स्वास्थ्य जन संघर्ष मोर्चा के संयोजक मंडल से संजीव आर्य, विक्रम कपाल, अनुग्रह लाल शाह, गोविन्द दिगारी, सुनीता पवार, कमला पंवार, अनुग्रह कपाल और अंकित नौडियाल उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button