डैक्कन वैली हत्याकांड का खुलासा, फरार शूटर विक्की यादव गिरफ्तार
रंजिश में कराई गई थी कैफे संचालक नितिन देव की हत्या, जेल में रची गई साजिश; 50 हजार के इनामी आरोपी को बलिया से दबोचा

डैक्कन वैली हत्याकांड का खुलासा, फरार शूटर विक्की यादव गिरफ्तार
रंजिश में कराई गई थी कैफे संचालक नितिन देव की हत्या, जेल में रची गई साजिश; 50 हजार के इनामी आरोपी को बलिया से दबोचा
मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): थाना मुनिकीरेती क्षेत्र अंतर्गत डैक्कन वैली सोसाइटी में 7 मई 2025 की रात हुई कैफे संचालक नितिन देव की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए फरार चल रहे शूटर विक्की यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड की साजिश जेल के भीतर रची गई थी, जिसमें रंजिश और बदले की भावना प्रमुख वजह बनी।
जानकारी के अनुसार 7 मई 2025 को रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि डैक्कन वैली सोसाइटी में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है और अज्ञात आरोपी स्कूटी से फरार हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने ब्लॉक-04 में खून से लथपथ पड़े व्यक्ति की पहचान नितिन देव पुत्र देवराज, निवासी फ्लैट नंबर 403, डैक्कन वैली, तपोवन के रूप में की। नितिन देव तपोवन में पिछले 10–12 वर्षों से रह रहा था और हाइडआउट कैफे तथा भोगपुर स्थित जीवन उत्सव रिजॉर्ट का संचालक था।
घटनास्थल के निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दो अज्ञात आरोपियों ने नितिन देव को गोली मारकर हत्या की और स्कूटी से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सघन चेकिंग अभियान चलाया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और मृतक के पिता देवराज की तहरीर पर थाना मुनिकीरेती में मुकदमा संख्या 41/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। विवेचना वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेश चंद्र पांडेय को सौंपी गई।
जांच में सामने आया कि मृतक की विपिन नैय्यर से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। विपिन नैय्यर द्वारा नितिन देव के कैफे और रिजॉर्ट की लगातार शिकायतें की गई थीं, जिसके चलते कैफे सील हुआ था। इसके अलावा नितिन देव ने विपिन नैय्यर के खिलाफ बलात्कार और पोक्सो एक्ट के मामले में प्रभावी पैरवी की थी, जिससे वह सितंबर 2024 में जेल गया था। इसे लेकर विपिन नैय्यर मन में गहरी दुश्मनी पाले हुए था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि जनवरी 2025 में जमानत पर छूटने के बाद विपिन नैय्यर ने बदला लेने की साजिश रची और अप्रैल 2025 में अपनी जमानत तुड़वाकर फिर जेल चला गया, ताकि शक से बच सके। जेल में उसकी दोस्ती कुख्यात अपराधी रामवीर सिंह से हुई। इसी नेटवर्क के जरिए शूटरों को हायर किया गया।
पुलिस के अनुसार दो शूटरों को फर्जी पहचान के आधार पर डैक्कन वैली में ही किराये के फ्लैट में ठहराया गया था। उन्होंने कई दिनों तक नितिन देव की रेकी की और 7 मई की रात मौका पाकर पिस्टल से चार फायर कर उसकी हत्या कर दी।
मामले में पहले ही बिमलेश उर्फ विकास को गिरफ्तार किया जा चुका है। रामवीर सिंह देहरादून जेल में और विपिन नैय्यर व प्रकाश पांडे नई टिहरी जेल में निरुद्ध हैं। प्रकाश पांडे की निशानदेही पर पिस्टल और स्कूटी बरामद की गई थी।
घटना के बाद से फरार चल रहे शूटर विक्की यादव पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र के निर्देशन में गठित टीम ने 12 दिसंबर को मुखबिर की सूचना पर विक्की यादव (27 वर्ष), निवासी ग्राम हल्दी, थाना हल्दी, जनपद बलिया (उप्र) को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार विक्की यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ बलिया में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम:
गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान, वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेश चंद्र पांडेय, हेड कांस्टेबल सुरेश रमोला, कांस्टेबल कपिल देव, नीरज धारीवाल सहित सीआईयू टीम के उप निरीक्षक ओमकांत भूषण, आशीष रावत, हेड कांस्टेबल विकास सैनी व अशोक शामिल रहे।
पुलिस ने दावा किया है कि इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मामला पूरी तरह से सुलझा लिया गया है।









