उत्तराखंडऋषिकेश

उत्तराखंड में मौनपालन को मिलेगा बढ़ावा, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने ऋषिकेश में किया कार्यालय का उद्घाटन किसानों की आय बढ़ाने पर दिया जोर 

ऋषिकेश, 8 जुलाई 2025 – कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने आज ऋषिकेश के हनुमंतपुरम गंगानगर स्थित राजकीय मौनपालन परिषद के उपाध्यक्ष गिरीश डोभाल के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य मंत्री गिरीश डोभाल को शुभकामनाएं दी और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया।

मंत्री जोशी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक फलदार पौधा भी आरोपित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मौनपालन (मधुमक्खी पालन) किसानों के लिए आयवर्धन का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इससे न केवल शहद और उसके सह – उत्पादों से अतिरिक्त आमदनी हो रही है, बल्कि पर – परागण के जरिए बागवानी फसलों की उत्पादकता और गुणवत्ता में भी वृद्धि हो रही है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों की आय दोगुनी करने के लिए मौनपालन को प्राथमिकता दी जा रही है। उत्तराखंड के 65 प्रतिशत वन अच्छादित भूभाग को देखते हुए यहां मौनपालन की अपार संभावनाएं हैं, जो कृषि उत्पादन के साथ-साथ ग्रामीण रोजगार को भी बढ़ावा देता है।

इस अवसर पर मंत्री जोशी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश की कृषि योजनाओं के लिए रूo 3800 करोड़ की सैद्धांतिक स्वीकृति दिए जाने पर आभार जताया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में लगभग 8000 मधुमक्खी पालक 95000 कॉलोनीयों का संचालन कर रहे हैं, जिससे सालाना लगभग 1,900 टन शहद का उत्पादन होता है। विशेष रूप से बद्रीनाथ क्षेत्र के वन तुलसी शहद की मांग लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने मौनपालन को डिजिटल प्लेटफार्म से जोड़ने की दिशा में भी भविष्य की योजनाओं का संकेत दिया।

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, राज्य मंत्री गिरीश डोभाल, निदेशक बागवानी मिशन महेंद्र पाल, संयुक्त निदेशक डॉ. रतन कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button