
ऋषिकेश, 18 दिसंबर (दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश के माननीय महापौर श्री शम्भू पासवान ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से शहरवासियों से सक्रिय सहयोग की अपील की है। कूड़ा संग्रहण वाहनों के माध्यम से जारी संदेश में उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और नगर निगम के प्रयासों में भागीदार बनने का आग्रह किया।
महापौर ने कहा कि ऋषिकेश केवल एक शहर नहीं, बल्कि योग और आध्यात्म की वैश्विक राजधानी है। ऐसे में इसकी स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से गीले और सूखे कूड़े का पृथक्करण करने, नीले और हरे डस्टबिन का उपयोग करने तथा कूड़ा केवल नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण गाड़ियों को ही देने की अपील की।

इसके साथ ही महापौर ने सिंगल यूज प्लास्टिक के पूर्ण बहिष्कार, पॉलिथीन के प्रयोग को बंद करने और खरीदारी के लिए कपड़े या जूट के थैलों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों, दीवारों, सड़कों और गंगा घाटों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए गंदगी न फैलाने की भी अपील की।

महापौर श्री शम्भू पासवान ने कहा, “ऋषिकेश हम सबका घर है। जिस प्रकार हम अपने घर को साफ रखते हैं, उसी प्रकार हमें अपने शहर की गलियों और गंगा घाटों को भी स्वच्छ रखना होगा। नगर निगम प्रशासन दिन-रात जनता की सेवा में लगा है, लेकिन नागरिकों के सहयोग के बिना ‘स्वच्छ ऋषिकेश-स्वस्थ ऋषिकेश’ का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता।”

इस अवसर पर नगर निगम के नगर आयुक्त श्री गोपाल राम बिनवाल, सफाई निरीक्षक श्री अभिषेक मल्होत्रा सहित श्री रोहित राम, श्री अमरजीत धीमान, श्री अमन पांडे आदि उपस्थित रहे।









