उत्तराखंडऋषिकेश

ऋषिकेश पुलिस की बड़ी कामयाबी, कुख्यात हिस्ट्रीशीटर गुरुचरण उर्फ मुन्ना PIT NDPS एक्ट में निरुद्ध

मादक पदार्थ तस्करी पर सख्त प्रहार, समाज व युवाओं को नशे से बचाने की दिशा में पुलिस का निर्णायक कदम

ऋषिकेश/देहरादून, (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात दुराचारी एवं हिस्ट्रीशीटर गुरुचरण उर्फ मुन्ना को PIT NDPS एक्ट के अंतर्गत निरुद्ध कर जिला कारागार शुद्धोवाला भेज दिया है। यह कार्यवाही मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने और समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र का कुख्यात अपराधी गुरुचरण उर्फ मुन्ना लंबे समय से ऋषिकेश एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त था। इसके विरुद्ध मादक पदार्थों की तस्करी सहित विभिन्न गंभीर अपराधों के कुल 45 अभियोग पंजीकृत हैं। बार-बार गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीट खुलने, गैंगस्टर एवं गुंडा अधिनियम की कार्यवाही के बावजूद आरोपी अपनी आपराधिक गतिविधियों से बाज नहीं आ रहा था।

समाज में नशे से पड़ रहे दुष्प्रभाव, युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को हो रहे नुकसान तथा लोकहित को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद देहरादून ने आरोपी के विरुद्ध PIT NDPS एक्ट के तहत कार्यवाही के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में पुलिस अधीक्षक प्रथम, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के मार्गदर्शन में आरोपी से संबंधित समस्त आपराधिक अभिलेख, शिकायतें एवं बीट सूचनाएं संकलित कर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजा गया।

उत्तराखंड शासन द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का गहन परीक्षण करने के बाद यह स्पष्ट पाया गया कि आरोपी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से निरंतर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित कर रहा है, जो समाज के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए गंभीर खतरा है। इसी आधार पर दिनांक 15 दिसंबर 2025 को PIT NDPS एक्ट की धारा-3 के अंतर्गत उसे निरुद्ध करने के आदेश पारित किए गए।

उक्त आदेश के अनुपालन में आज दिनांक 19 दिसंबर 2025 को ऋषिकेश पुलिस द्वारा गुरुचरण उर्फ मुन्ना को निरुद्ध कर जिला कारागार शुद्धोवाला भेज दिया गया। इस कार्यवाही से क्षेत्र में नशा तस्करों के बीच स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्ती से पेश आएगी।

ऋषिकेश पुलिस की इस प्रभावी एवं सराहनीय कार्यवाही से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और नशे के खिलाफ पुलिस की प्रतिबद्धता एक बार फिर साबित हुई है।

Related Articles

Back to top button