
चमोली, 23 अगस्त 2025- जनपद चमोली के थराली तहसील क्षेत्र व आसपास के इलाकों में देर रात हुई अतिवृष्टि और बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचा दी। टूनरी गदेरा में आए उफान के कारण थराली बाजार, कोटदीप और तहसील परिसर मलबे से भर गए। कई मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं, वहीं तहसील परिसर में खड़ी अनेक गाड़ियां मलबे में दब गईं। इस आपदा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

रातभर पैदल यात्रा कर पहुँची एसडीआरएफ
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट गौचर से निरीक्षक कर्ण सिंह के नेतृत्व में टीम रात में ही आवश्यक उपकरणों सहित घटनास्थल के लिए रवाना हुई। गौचर से हरमनी तक पहुँचते समय मार्ग कई स्थानों पर अवरुद्ध मिला। टीम ने खुद ही मलबा हटाकर रास्ता खोला और वाहन से हरमनी तक पहुँची। हरमनी से आगे थराली तक लगभग 12 किलोमीटर का मार्ग जगह-जगह बाधित होने के कारण एसडीआरएफ टीम ने विषम परिस्थितियों में पैदल यात्रा कर घटनास्थल तक पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सगवाड़ा में युवती का शव बरामद
थराली क्षेत्र में मलबा और उफान से कई लोग प्रभावित हुए। इस दौरान ग्राम सगवाड़ा में लापता बताई गई 20 वर्षीय युवती का शव स्थानीय लोगों द्वारा बरामद किया गया। शव को कब्जे में लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
चेपडो में वृद्ध की तलाश जारी
थराली से लगभग 5 किलोमीटर आगे ग्राम चेपडो में 60-65 वर्षीय एक वृद्ध के लापता होने की सूचना पर एसडीआरएफ की एक सब-टीम मौके पर पहुँची है। टीम द्वारा वृद्ध की तलाश हेतु सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।
लगातार जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
एसडीआरएफ की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत व बचाव कार्य कर रही हैं। मलबे में दबे लोगों, वाहनों और क्षतिग्रस्त संपत्तियों की खोज की जा रही है। टीम ने बताया कि जैसे ही कोई नई रेस्क्यू संबंधी जानकारी मिलेगी, तत्काल अपडेट साझा किया जाएगा।

यह तबाही एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं के खतरों को सामने लाती है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर जुटकर हालात सामान्य करने का प्रयास कर रही हैं।









