
देहरादून/चमोली : थराली में हुई भारी बारिश और मलबे के कारण उत्पन्न आपदा के बीच राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उनके निर्देश पर जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना,एसएसबी तथा आईटीबीपी की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में दिन-रात जुटी हुई हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने मुख्य सचिव आनंद वर्धन, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन और जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी से हर पल की जानकारी लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर भोजन, पानी, चिकित्सा और आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देने के आदेश दिए।
मुख्य सचिव ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से राहत कार्यों की समीक्षा की और जिलाधिकारी को स्थिति शीघ्र सामान्य करने के निर्देश दिए। सचिव आपदा प्रबंधन ने जानकारी दी कि हादसे में अब तक एक युवती का शव बरामद हुआ है जबकि एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत युवती ज्योति के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राहत व बचाव दल पूरी क्षमता से कार्य कर रहे हैं और सरकार इस कठिन घड़ी में थराली की जनता के साथ खड़ी है।
डीएम चमोली संदीप तिवारी ने बताया कि करीब 150 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। सतलुज जल विद्युत निगम एवं जीएमवीएन के विश्राम गृहों को राहत शिविर के रूप में अधिकृत किया गया है। हरमनी के पास मार्ग को बहाल कर दिया गया है।
सुरक्षा की दृष्टि से थराली, दीवाल और नारायणबगड़ ब्लॉकों के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
👉 मुख्य बिंदु:
- मुख्यमंत्री धामी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए।
- अब तक एक युवती का शव बरामद, एक व्यक्ति की तलाश जारी।
- 150 से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट।
- राहत शिविरों की व्यवस्था, भोजन-पानी-चिकित्सा उपलब्ध।
- प्रभावित ब्लॉकों के विद्यालयों में अवकाश।









