उत्तराखंडऋषिकेशविश्वकर्मा पूजा

विश्वकर्मा जयंती पर एसडीआरएफ ढालवाला में जीवन रक्षक उपकरणों की पूजा

आपदा के समय निर्बाध बचाव कार्य के लिए उपकरणों के रख-रखाव का लिया संकल्प

ऋषिकेश, 17 सितंबर(दिलीप शर्मा): विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला में भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर एसडीआरएफ टीम ने आपदा राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जीवन रक्षक उपकरणों की भी पूजा की।

पूजा से पूर्व टीम के जवानों ने कटर, रोप, लाइफ जैकेट, स्ट्रेचर, मोटर बोट सहित अन्य बचाव उपकरणों की साफ-सफाई की। इसके बाद सभी उपकरणों को व्यवस्थित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

एसडीआरएफ जवानों ने भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना की कि सभी उपकरण वर्षभर सुचारू रूप से कार्य करते रहें और आपदा अथवा किसी आपात स्थिति के दौरान बचाव कार्य में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो। जवानों ने आमजन की सेवा एवं सुरक्षा के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता से करने का संकल्प भी दोहराया।

इस दौरान टीम ने कार्यस्थल को स्वच्छ रखने के साथ ही जीवन रक्षक उपकरणों के नियमित रख-रखाव और उनकी कार्यक्षमता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। एसडीआरएफ जवानों ने कहा कि आपदा के दौरान प्रत्येक उपकरण की विश्वसनीयता और तत्परता महत्वपूर्ण होती है, इसलिए उनका नियमित रख-रखाव आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button