



ऋषिकेश,16 सितंबर(दिलीप शर्मा): डिग्री कॉलेज ऋषिकेश में आगामी 29 सितंबर को प्रस्तावित छात्र संघ चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर ऋषिकेश पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को कोतवाली ऋषिकेश के प्रभारी निरीक्षक की अध्यक्षता में कॉलेज प्रशासन, विभिन्न छात्र संगठनों तथा छात्र-छात्राओं के साथ गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक ने छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया को लिंगदोह समिति की संस्तुतियों एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने की जानकारी दी। उन्होंने सभी छात्र संगठनों एवं छात्र-छात्राओं से चुनाव के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी ऐसी गतिविधि से बचना होगा, जिससे क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित हो। सभी पक्षों को संयम बरतने तथा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए।
कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई
प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान यदि किसी व्यक्ति द्वारा शांति व्यवस्था, सार्वजनिक व्यवस्था अथवा कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गोष्ठी के दौरान पूर्व में घटित दो घटनाओं के संबंध में पुलिस द्वारा की गई निरोधात्मक कार्रवाई के नोटिस भी संबंधित व्यक्तियों को तामील कराए गए। पुलिस ने संबंधित लोगों को भविष्य में किसी भी प्रकार की गतिविधि से बचने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने सभी छात्र संगठनों और विद्यार्थियों से चुनाव को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सहयोग की अपेक्षा की।




