उत्तरकाशीउत्तराखंडदुर्घटना

मोरी में बोलेरो कैंपर 200 मीटर गहरी खाई में गिरा, 11 घायल रेस्क्यू

उजली कन्याशनि के पास हादसा, SDRF ने स्थानीय लोगों के सहयोग से चलाया राहत-बचाव अभियान; एक व्यक्ति की मौके पर मौत

उत्तरकाशी/मोरी(दिलीप शर्मा): उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र में बोलेरो कैंपर वाहन के गहरी खाई में गिरने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में वाहन सवार 12 लोगों में से 11 लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और सभी 11 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को थाना मोरी से SDRF को उजली कन्याशनि नामक स्थान पर बोलेरो कैंपर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पोस्ट मोरी प्रभारी हेड कांस्टेबल जयप्रकाश रमोला के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा था। वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF जवानों ने संयुक्त रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच खाई में उतरकर घायलों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। अभियान के दौरान 11 घायलों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी।

SDRF टीम ने मृतक के शव को भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद SDRF टीम वापस अपने कैंप के लिए रवाना हुई।

Related Articles

Back to top button