उत्तराखंडनिरीक्षणमुनि की रेती

थाना मुनिकीरेती का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर ने शस्त्र व आपदा उपकरणों का किया भौतिक सत्यापन, लंबित विवेचनाओं और मालों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी ने बुधवार को थाना मुनिकीरेती का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्थाओं, अभिलेखों, शस्त्र एवं आपदा उपकरणों, मालखाने, सीसीटीएनएस, सीसीटीवी व्यवस्था तथा विभिन्न शाखाओं के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में अनुशासन, तत्परता और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी को सम्मान दिया गया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर में उपलब्ध शासकीय शस्त्रों और आपदा प्रबंधन उपकरणों का भौतिक निरीक्षण किया। पुलिस कर्मियों से शस्त्राभ्यास कराया गया तथा आपदा उपकरणों की उपलब्धता एवं उनके उपयोग की जानकारी ली गई।

थाना परिसर और विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाएं परखी

क्षेत्राधिकारी ने थाना कार्यालय एवं परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, मालखाना, भोजनालय, आगंतुक कक्ष, महिला एवं शिशु सहायता पटल, सीसीटीएनएस कक्ष तथा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके साथ ही थाना स्तर पर उपलब्ध शस्त्रों, आपदा उपकरणों, सरकारी संपत्ति, यातायात कार्यालय से उपलब्ध उपकरणों और दंगारोधी उपकरणों का जीपी लिस्ट से मिलान कर भौतिक सत्यापन किया गया। उपकरणों के रखरखाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्हें व्यवस्थित एवं अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए।

मालखाने में लंबित मालों के शीघ्र निस्तारण पर जोर

मालखाने के निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने मुकदमाती माल एवं अन्य सामग्री के रखरखाव की स्थिति देखी। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को लंबित मालों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीसीटीएनएस और ऑनलाइन पोर्टलों की कार्यप्रणाली की समीक्षा

सीसीटीएनएस कक्ष में क्षेत्राधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों से आईआईएफ फॉर्म एवं विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने अभियोगों से संबंधित आईआईएफ फॉर्म समय से भरने और निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन रिपोर्ट अपलोड कर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही सभी संबंधित पोर्टलों का प्रतिदिन अवलोकन करने तथा प्राप्त शिकायतों और सत्यापनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा गया।

लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह भंडारी ने थाने में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए सभी विवेचकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीएनएस पर लंबित विवेचनाओं से संबंधित 60 और 90 दिवस के अलर्ट नियमित रूप से चेक करने तथा अनावश्यक रूप से विवेचनाओं को लंबित न रखने को कहा।

इस दौरान विवेचकों का आदेश कक्ष लेकर लंबित मामलों की समीक्षा भी की गई। अज्ञात शवों की शिनाख्त से संबंधित प्रकरणों में निर्धारित एसओपी का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस कर्मियों का सम्मेलन लेकर सुनी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने थाना मुनिकीरेती में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का सम्मेलन लिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों की समस्याओं और सुझावों को सुना तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

सभी बीट कर्मियों को प्रतिदिन ई-बीटबुक पर लॉगिन कर आवश्यक डाटा अपडेट करने तथा ई-समन सहित न्यायालयीय एवं विभागीय कार्यों की समय से तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

क्षेत्राधिकारी ने पुलिस कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से निर्वहन करने के साथ ही थाने में आने वाले आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेश चंद्र पाण्डेय, समस्त चौकी प्रभारी तथा थाना मुनिकीरेती के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button