ऋषिकेश में 181.43 करोड़ की विकास योजनाओं को मिलेगी रफ्तार, महापौर ने दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश
त्रिवेणी घाट नवीनीकरण पर 115 करोड़, आस्था पथ सौंदर्यीकरण पर 33 करोड़ और चंद्रभागा पुल पर 33.43 करोड़ होंगे खर्च




ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश कार्यालय में मंगलवार को महापौर शम्भू पासवान की अध्यक्षता में शहर की प्रमुख विकास योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्रिवेणी घाट नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण, आस्था पथ सौंदर्यीकरण और चंद्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने विभिन्न परियोजनाओं की कार्ययोजना और अब तक हुई प्रगति की जानकारी महापौर के समक्ष रखी। इस दौरान 115 करोड़ रुपये की लागत से त्रिवेणी घाट के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण, 33 करोड़ रुपये की लागत से आस्था पथ के सौंदर्यीकरण तथा 33.43 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से चंद्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि उक्त परियोजनाएं ऋषिकेश के विकास और पर्यटन को नई गति देने के साथ ही स्थानीय नागरिकों, तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में उच्च गुणवत्ता के मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। परियोजनाओं के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी के साथ कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाए। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान आमजन को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखने और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में संबंधित अधिकारियों ने परियोजनाओं की आगामी कार्ययोजना और विभिन्न चरणों में प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। महापौर ने सभी संबंधित विभागों और तकनीकी टीमों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को गति देने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, एसके सिंह, हरीश बिष्ट, दीपक, एस.के. सिंघल, हरिदर्शन रावत, आशीष भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





