उत्तराखंडजनता दरबारटिहरी गढ़वाल

जनता दर्शन में 41 शिकायतें और मांगपत्र प्राप्त, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

पुनर्वास, प्रतिकर, आपदा, सड़क, पेयजल समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादी; शेष प्रकरणों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

नई टिहरी, 14 सितंबर(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पुनर्वास, प्रतिकर भुगतान, आपदा से क्षतिग्रस्त आवास व पुलिया, सड़क, पेयजल, सोलर सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 41 शिकायतें एवं मांगपत्र जिलाधिकारी के समक्ष रखे। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में ग्राम प्रधान गंगी अंगूरा देवी के प्रतिनिधि ने सीमांत गांव कंगी में नेटवर्क सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण वीबीजी-रामजी कार्यों के लिए ऑफलाइन हाजिरी की अनुमति, मोबाइल टावर की स्थापना तथा गंगी के दूरस्थ तोक देखुरी एवं कल्याणी तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग रखी। जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को हाजिरी के संबंध में आवश्यक कार्रवाई, संचार विभाग को मोबाइल टावर की स्थिति का परीक्षण तथा पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को मोटर मार्ग के संबंध में स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कवर्ड मार्केट में शौचालय और सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी उठा। व्यापार मंडल बौराड़ी के पदाधिकारियों ने कवर्ड मार्केट एवं फर्नीचर मार्केट में एबीडी द्वारा किए गए रेनोवेशन कार्य के एक माह के शेष भुगतान तथा कवर्ड मार्केट के शौचालय को सुचारू कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को शौचालय को सुचारू करने के साथ ही दो शिफ्ट में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शेष प्रतिकर भुगतान को लेकर बताया गया कि बजट की मांग भेजी जा चुकी है और बजट प्राप्त होते ही भुगतान की कार्रवाई की जाएगी।

इंटरमीडिएट पास छात्रा की आर्थिक सहायता का मामला भी पहुंचा। ग्राम कोट पट्टी मनियार निवासी रोशनी देवी ने बताया कि उनकी पुत्री के इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन अभी तक सहायता राशि नहीं मिली है। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में बजट उपलब्ध नहीं होने के कारण धनराशि जारी नहीं की जा सकी है। बजट उपलब्ध होने पर नियमानुसार भुगतान किया जाएगा।

ग्राम मंज्यूड़ निवासी विजेंद्र सिंह ने अपनी भूमि पर अवैध रूप से टीन की झोपड़ी बनाए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने एसडीएम एवं तहसीलदार टिहरी को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं जल संस्थान चंबा में कार्यरत अस्थायी फीटर कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने वेतन वृद्धि की मांग रखी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को कार्य की प्रकृति एवं प्रकरण का परीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा ग्राम सुनारकोट निवासी मंगली देवी ने गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने, आसिया खातून ने क्षतिग्रस्त नाले की मरम्मत, धोन निवासी मुकेश बनाली ने आपदा से क्षतिग्रस्त पुलिया का दैवीय आपदा मद से निर्माण तथा बंडगांव निवासी उमा भट्ट ने दिखोलगांव में भूमि सीमांकन की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनता दर्शन के माध्यम से आमजन को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। प्रशासन प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उसके समाधान का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्राप्त शिकायतों की भी नियमित समीक्षा की जा रही है तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, पीडी डीआरडीए ज्योति, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता, एसएलएओ नीलू चावला, जिला उद्यान अधिकारी पंकज पटवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button