



ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): न्यू स्टार क्लब ऋषिकेश एवं श्री गणपति सेवा मंडल, ऋषिकेश की ओर से आयोजित छठे गणेश महोत्सव के तहत मंगलवार देर शाम आशीर्वाद वाटिका, हरिद्वार रोड में भव्य ‘रुद्र राग—श्री महाकाल संध्या’ का आयोजन किया गया। शाम आठ बजे शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात तक चला। इस दौरान शिव तांडव, भजन संध्या और विशेष रूप से प्रस्तुत ‘एक दिव्य शिव लीला’ ने श्रद्धालुओं और दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान शिव और माता सती के प्रेम, समर्पण, त्याग एवं शिव-शक्ति के दिव्य स्वरूप पर आधारित शिव लीला का मंचन रहा। दिल्ली से पहुंचे बॉलीवुड एवं टी-सीरीज फेम अभिनेता नितिन चक्रधारी ने भगवान शिव की भूमिका में प्रभावशाली अभिनय और प्रस्तुति दी। वहीं सोनिया ने माता सती की भूमिका निभाते हुए अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों को शिव-सती की दिव्य प्रेमगाथा से जोड़ा।

नितिन चक्रधारी और सोनिया की जोड़ी ने अभिनय, भाव-भंगिमा एवं नृत्य के माध्यम से शिव और सती के प्रेम, विश्वास, समर्पण और त्याग को मंच पर साकार किया। भव्य प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था के साथ प्रस्तुत शिव लीला ने कार्यक्रम में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण को और प्रभावशाली बना दिया। शिव तांडव नृत्य और भजनों की प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक मंत्रमुग्ध नजर आए।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि भाजपा प्रवक्ता अनुकृति गोसाई रावत ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने ‘रुद्र राग’ आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्री महाकाल की लीला पर आधारित यह प्रस्तुति अपने आप में अद्भुत रही। उन्होंने गणेश महोत्सव के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
आयोजकों के अनुसार, ‘रुद्र राग’ महज एक मंचीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि भगवान शिव और शक्ति के दिव्य संबंध को अनुभव करने का अवसर है। इसमें प्रेम के साथ त्याग, शक्ति के साथ समर्पण और भक्ति के साथ भावनाओं का सुंदर संगम प्रस्तुत किया गया।
न्यू स्टार क्लब के संस्थापक एवं निर्देशक के.के. सचदेवा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। आयोजन में क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ श्री गणपति सेवा मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर न्यू स्टार क्लब के संरक्षक नीरज वालिया, विनेश राम, क्लब अध्यक्ष मनोज सहल, उपाध्यक्ष सुनील ग्रोवर, मुख्य कार्यक्रम संयोजक अजय ब्रेजा, भुवन महेंद्रु, श्री गणपति सेवा मंडल के अध्यक्ष आलोक चावला, प्रिंस मनचंदा, डॉ. राजेश मनचंदा, योगेश कालड़ा, पार्षद संध्या बिष्ट गोयल, रामकुमार संगर, अनिल रावत, आशु डंग, आशु अरोड़ा, प्रभाकर शर्मा, सोनू, पवन नागपाल, एकांत गोयल, महापौर शंभू पासवान, पूर्व महापौर अनीता ममगाईं, राय सिंह रावत, दिनेश कोठारी, राघव ग्रोवर, सुधीर राय, धीरज बाला, गुड्डू कुमार सिंह, ललित मनचंदा, जितेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान हजारों लोगों ने ‘रुद्र राग—श्री महाकाल संध्या’ में भाग लेकर शिव-सती की दिव्य लीला का आनंद लिया। अंत में प्रसाद वितरण भी किया गया।





