



ऋषिकेश,17 सितंबर(दिलीप शर्मा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले “सेवा संकल्प अभियान” को लेकर ऋषिकेश में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग करते हुए अभियान के तहत आयोजित होने वाले सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. अग्रवाल का पटका पहनाकर, माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत सभी मंडलों में 12 कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा कार्य पहुंचाए जाएंगे।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके जन्मदिवस को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायी अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने तथा अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, दायित्वधारी गिरीश ढोभाल, पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र राणा, पार्षद राजेश कोठियाल, निखिल बर्थवाल, विपिन पंत और पिंकी धस्माना सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





