22 अप्रैल को खुलेंगे श्री केदारनाथ धाम के कपाट, वृष लग्न में प्रातः 8 बजे होगा शुभारंभ
महाशिवरात्रि पर उखीमठ में पंचांग गणना के बाद हुई तिथि की घोषणा, सैकड़ों श्रद्धालु रहे उपस्थित

रुद्रप्रयाग, 15 फरवरी(दिलीप शर्मा): ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ मंदिर के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर परंपरानुसार शीतकालीन गद्दीस्थल ओम्कारेश्वर मंदिर, उखिमठ में पंचांग गणना के बाद यह तिथि घोषित की गई।

धार्मिक विधि-विधान के साथ हुआ कार्यक्रम
कपाटोद्घाटन की तिथि की घोषणा के अवसर पर केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग, विधायक आशा नौटियाल,बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर कमेटी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, मंदिर समिति के सदस्य, धर्माचार्य, जनप्रतिनिधि, वेदपाठी, पंचगाई हक-हकूकधारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भगवान श्री केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली के केदार प्रस्थान कार्यक्रम की भी घोषणा की गई।
फूलों से सजा उखीमठ, भक्तिमय हुआ वातावरण
कार्यक्रम के अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर को लगभग साढ़े नौ क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। विभिन्न दानदाताओं द्वारा भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
“जय श्री केदार” के उद्घोष से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं को दिया गया आमंत्रण
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाटोद्घाटन की तिथि घोषित होने पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए चारधाम यात्रा के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा आस्था, परंपरा और आजीविका का समन्वित स्वरूप है, जिसमें हक-हकूकधारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर समिति परंपराओं और अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के निर्देशन में होंगी तैयारियां
बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि नरेंद्र मोदी एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु राज्य सरकार और प्रशासन के साथ समन्वय से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे।
यात्रा तैयारियों को मिलेगी नई गति
श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होने के साथ ही अब बीकेटीसी द्वारा यात्रा तैयारियों को तेज गति दी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और
व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण किए जाएंगे।









