
देहरादून, (दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के बाद देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैस एजेंसी मालिक व पूर्व कर्नल के पुत्र अर्जुन शर्मा हत्याकांड के दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ के दौरान दबोचा गया, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी।
हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर जिलेभर में नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। शहर से लेकर देहात तक पुलिस की टीमें लगातार संदिग्धों पर नजर बनाए हुए थीं।
रायपुर क्षेत्र में जंगल में मुठभेड़
गुरुवार तड़के रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाश को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल कोरोनेशन चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
लालतप्पर में स्कूटी सवार बदमाश पकड़ा
दूसरी घटना लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र की है। चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार बदमाश ने पुलिस के रोकने पर रुकने के बजाय पीछे मुड़कर भागने का प्रयास किया और एक खंडर फैक्ट्री में घुसकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
हथियार और स्कूटी बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ के दौरान दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए अर्जुन शर्मा हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह कोरोनेशन चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। दोनों घायल बदमाशों का उपचार जारी है। पुलिस द्वारा उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों का पता लगाया जा सके।
लगातार जारी रहेगा अभियान
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई को मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।









