
हल्द्वानी, (दिलीप शर्मा): नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर स्थित नवीन गल्ला मंडी क्षेत्र में सोमवार सुबह दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव एक युवक और एक युवती के हैं, जिनकी बेरहमी से हत्या की गई है। दोनों के सिर पत्थर से कुचले गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की पुष्टि हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। शवों के पास खून से सना पत्थर भी बरामद किया गया है, जिससे हत्या में इसी का इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान अल्मोड़ा निवासी शुभम कुमार टम्टा के रूप में हुई है। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर पहचान की गई। आधार कार्ड में उसकी जन्मतिथि 31 दिसंबर 1995 दर्ज है। साथ ही कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर से संपर्क कर परिजनों को सूचना दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कात्याल स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस टीम मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
एसपी सिटी मनोज कात्याल ने बताया कि सुबह मंडी चौकी क्षेत्र में दो शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। मृतकों की जेब से कुछ दस्तावेज भी मिले हैं, जिनके आधार पर युवक की पहचान की गई है। युवती की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।









