उत्तराखंडऋषिकेश

केंद्रीय बजट 2026-27 से श्रमिकों और आमजन को मिलेगा सीधा लाभ : डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

भाजपा ओबीसी मोर्चा के श्रमिक संवाद कार्यक्रम में विधायक डॉ. अग्रवाल ने गिनाईं बजट की प्रमुख उपलब्धियां

ऋषिकेश, 12 फरवरी (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बिश्नोई धर्मशाला में आयोजित भाजपा ओबीसी मोर्चा जिला ऋषिकेश के केंद्रीय बजट 2026-27 श्रमिक संवाद कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रमिक बंधुओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पूर्व में रेल बजट और सामान्य बजट अलग-अलग प्रस्तुत किए जाते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब एकीकृत बजट की परंपरा स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि अवकाश दिवस के बावजूद बजट प्रस्तुत किया जाना सरकार की कार्यसंस्कृति और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 पारंपरिक ढर्रे से हटकर देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला बजट है। इसमें बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ वित्तीय अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया गया है। एमएसएमई उद्योगों को सशक्त बनाने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के फंड का प्रावधान किया गया है तथा टैक्स नियमों का सरलीकरण किया गया है।

उन्होंने बताया कि बजट के माध्यम से स्मार्टफोन, लेदर, मखाना, बादाम, अखरोट एवं व्यक्तिगत उपयोग की आयातित दवाइयों को सस्ता किया गया है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही केंद्रीय बजट में उत्तराखंड को पर्वतीय विकास, पर्यटन और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में विशेष लाभ प्राप्त होंगे।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जड़ी-बूटी की खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि की जाएगी। आयुष आधारित मेडिकल टूरिज्म को प्रोत्साहित करने तथा लगभग 40 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं के माध्यम से राज्य के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि 16वें वित्त आयोग के तहत राज्य को लगभग 1,800 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता मिलने की संभावना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य ने कहा कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जिले में छात्रावास की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट महिलाओं की समान भागीदारी और सशक्तिकरण का प्रतीक है।

इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक एवं ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष राजपाल ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, प्रदेश महामंत्री राजवीर कश्यप, प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सैनी, श्रीमती मुकेश पाल, प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा श्रीमती कविता शाह, मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा ध्यानी, पार्षद श्रीमती माधवी गुप्ता, पार्षद अजय दास, श्रीमती ज्योति पांडे, सुमित पवार, राजू शर्मा, नितिन सक्सेना, रूपेश गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button