स्वच्छ भारत मिशन के तहत मुनिकीरेती-ढालवाला में लगेगा बहुउद्देशीय शिविर
13 फरवरी को रामलीला मैदान में आमजन को मिलेंगी केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की सुविधाएं


मुनिकीरेती/ढालवाला, (दिलीप शर्मा): स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत “एक कदम स्वच्छता की ओर” अभियान को गति देने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा एक दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर 13 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रामलीला मैदान, नया पुल के समीप, 14 बीघा क्षेत्र में आयोजित होगा।

सरकारी योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ
शिविर के माध्यम से आमजन को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही आवश्यक सेवाएं व सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु भी कार्यवाही की जाएगी।
स्वच्छता और जनसेवा को मिलेगा बढ़ावा
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा आयोजित यह शिविर “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं नागरिकों को सरकारी सेवाओं से सीधे जोड़ना है।
नगर पालिका अधिकारियों ने की सहभागिता की अपील
नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी श्रीमती अंकिता जोशी एवं अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं और स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।









