
ऋषिकेश, 30 मई(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश के प्रगति विहार क्षेत्र के निवासियों ने सड़क एवं नाली से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
डॉ. अग्रवाल ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर मामले का तत्काल संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
विधायक ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि प्रगति विहार सहित समस्त क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों में सहयोग करने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर पार्षद सरोजिनी थपलियाल, राजेंद्र बिजलवान, राहुल मनमीत, रमन भट्ट, जबर सिंह रावत, अर्जुन चौहान, विनोद चौहान, एस.पी. वार्ष्णेय सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










