सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, ब्रह्मानंद मोड़ हादसों पर होगा संयुक्त निरीक्षण
“राहवीर योजना” के तहत दुर्घटना पीड़ित की जान बचाने वाले अनंत राम अन्थवाल को किया गया सम्मानित

टिहरी गढ़वाल, 30 मई(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन तथा मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान “राहवीर योजना” के अंतर्गत घनसाली क्षेत्र के निवासी अनंत राम अन्थवाल को सम्मानित किया गया।
बैठक में बताया गया कि अनंत राम अन्थवाल ने 17 मई 2025 को घनसाली क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल प्रदीप को तत्काल अपने निजी वाहन से पिलखी अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया था। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें “राहवीर योजना” के तहत सम्मानित किया गया।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), नई टिहरी ने जानकारी दी कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने वाले नागरिकों को इस योजना के माध्यम से प्रोत्साहन राशि और सम्मान प्रदान किया जाता है। योजना का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र चिकित्सा सहायता दिलाने के साथ-साथ समाज में मानवीय सहायता की भावना को बढ़ावा देना है।
बैठक में जिलाधिकारी ने ब्रह्मानंद मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए बीआरओ, लोक निर्माण विभाग, पुलिस, उपजिलाधिकारी तथा परिवहन विभाग को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करने और समयबद्ध सुधारात्मक उपाय लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस, परिवहन विभाग और प्रशासन को संयुक्त रूप से सघन प्रवर्तन अभियान संचालित करने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा नियम उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
आगामी मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को सड़क मार्गों को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक मशीनरी, मानव संसाधन तथा उपकरणों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और संभावित आपदा स्थितियों के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा।
बैठक के अंत में जनपदवासियों से सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की यथासंभव सहायता करने तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित सड़क परिवेश बनाने में सहयोग देने की अपील की गई।










