उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

टिहरी में आयुष एवं होम्योपैथी स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण, आयुक्त रंजना राजगुरु ने दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश

बौराड़ी और चंबा के आयुर्वेदिक चिकित्सालयों का किया दौरा, मरीजों से संवाद कर जानी सुविधाओं की स्थिति

 

टिहरी गढ़वाल, 30 मई(दिलीप शर्मा): राजस्व परिषद आयुक्त एवं सचिव तथा आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की सचिव रंजना राजगुरु ने शनिवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के आयुष एवं होम्योपैथी चिकित्सालयों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपचार व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

 

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने आयुष विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आयुष चिकित्सा पद्धति से मिलने वाले लाभों एवं मरीजों के सकारात्मक अनुभवों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

पंचकर्म एवं योग सुविधाओं का किया अवलोकन

मुख्यालय टिहरी के बौराड़ी स्थित जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित आयुष चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने योग कक्ष और पंचकर्म चिकित्सा कक्ष का अवलोकन किया तथा मरीजों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। मरीजों ने उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए इन सेवाओं के विस्तार की मांग रखी, जिससे उपचार के लिए देहरादून जाने की आवश्यकता न पड़े।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिद्धि मिश्रा ने आयुक्त को पंचकर्म चिकित्सा के अंतर्गत संचालित विभिन्न उपचार पद्धतियों—जलौका चिकित्सा, कटि वस्ति, जानु वस्ति, शिरोधारा, मर्म चिकित्सा, क्षारसूत्र चिकित्सा, सर्वांग स्वेदन, नाड़ी स्वेद, धारा चिकित्सा एवं आश्योतन चिकित्सा—की जानकारी दी। आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता संबंधी जानकारी लेने के बाद आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

चंबा आयुर्वेदिक चिकित्सालय में दवाओं और स्टॉक का लिया जायजा

इसके बाद आयुक्त ने चंबा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने औषधियों की उपलब्धता, स्टॉक बुक के रख-रखाव तथा पंचकर्म चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही मरीजों से बातचीत कर उपचार एवं सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विषा भूषण समेत चिकित्सकीय स्टाफ उपस्थित रहा।

होम्योपैथी चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं का भी किया निरीक्षण

आयुक्त रंजना राजगुरु ने जिला चिकित्सालय बौराड़ी स्थित आयुष विंग में संचालित स्टेट होम्योपैथिक डिस्पेंसरी का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्किन सेंटर का अवलोकन किया, जहां त्वचा रोगों का उपचार किया जाता है।

इसके पश्चात उन्होंने चंबा ब्लॉक रोड स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित होम्योपैथिक डिस्पेंसरी का दौरा किया। औषधि वितरण कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा चिकित्सालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान डॉ. बेला शाह ने उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपचार सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

आयुष सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

निरीक्षण के समापन पर आयुक्त ने कहा कि आयुष एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियां लोगों के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपचार सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखते हुए इन सेवाओं को आमजन तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Related Articles

Back to top button