उत्तराखंडदुर्घटनारुद्रप्रयागरेस्क्यू

पाली लिंक रोड पर दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, तीन की मौत, पांच घायल

SDRF ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चलाया रेस्क्यू अभियान, घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया

रुद्रप्रयाग, 30 मई(दिलीप शर्मा): पाली लिंक रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में ऑल्टो K10 कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

 

डीसीआर रुद्रप्रयाग से सूचना प्राप्त होने पर एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि की टीम उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन ऑल्टो K10 कार थी, जिसमें कुल आठ लोग सवार थे।

 

एसडीआरएफ जवानों ने विषम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान संचालित किया। टीम ने पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं दुर्घटना में मृत तीन लोगों के शवों को भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया गया।

मृतकों की पहचान

  • महेंद्र सिंह (68 वर्ष)
  • अंजन सिंह (42 वर्ष)
  • संगीता देवी (32 वर्ष)

घायलों की पहचान

  • रेशमा देवी (पत्नी अंजन सिंह)
  • दक्षित (5 वर्ष), पुत्र पंकज सिंह
  • सानवी (3 वर्ष), पुत्री पंकज सिंह
  • वैभव (10 वर्ष), पुत्र अंजन सिंह
  • विहान (8 वर्ष), पुत्र अंजन सिंह

बताया गया है कि सभी मृतक एवं घायल उथिंड गांव के निवासी हैं। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

SDRF की त्वरित कार्रवाई से बचीं पांच जिंदगियां

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में सफल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस ने एसडीआरएफ के प्रयासों की सराहना की है।

Related Articles

Back to top button