उत्तराखंडएम्स ऋषिकेश

एम्स ऋषिकेश का गौरव : अब बीएमजे करेगा ‘जर्नल ऑफ मेडिकल एविडेंस’ का प्रकाशन

एम्स ऋषिकेश और ब्रिटिश मेडिकल जर्नल (बीएमजे) के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) 30 अक्टूबर : एम्स ऋषिकेश के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब संस्थान और ब्रिटिश मेडिकल जर्नल (बीएमजे) के बीच जर्नल ऑफ मेडिकल एविडेंस (जेएमई) के प्रकाशन हेतु समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के तहत अब एम्स ऋषिकेश का आधिकारिक मेडिकल जर्नल बीएमजे द्वारा प्रकाशित किया जाएगा।

एमओयू पर एम्स की ओर से कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह और बीएमजे की ओर से प्रशांत मिश्रा ने हस्ताक्षर किए। यह समझौता अगले पांच वर्षों तक प्रभावी रहेगा।

प्रो. मीनू सिंह ने इस अवसर को संस्थान के लिए “गौरवपूर्ण उपलब्धि” बताया। उन्होंने कहा कि “बीएमजे के साथ यह समझौता एम्स ऋषिकेश के शैक्षणिक योगदान को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाएगा। यह त्रैमासिक जर्नल ओपन एक्सेस जर्नल्स डायरेक्टरी (DOAJ) में सूचीबद्ध है, जिससे इसकी पहुंच और विश्वसनीयता और बढ़ेगी।”

जेएमई के प्रधान संपादक प्रो. समीरन नंदी ने कहा कि “बीएमजे के साथ एम्स ऋषिकेश की यह साझेदारी हमारे जर्नल की वैश्विक दृश्यता और विद्वत्तापूर्ण प्रभाव को सशक्त बनाएगी।”
वहीं, प्रबंध संपादक डॉ. अजीत भदौरिया ने कहा कि “यह साझेदारी उच्च-गुणवत्ता वाले चिकित्सा साक्ष्य और शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में एम्स ऋषिकेश की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।”

उल्लेखनीय है कि ब्रिटिश मेडिकल जर्नल (बीएमजे) विश्व के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित मेडिकल जर्नल्स में से एक है, जिसे ब्रिटिश मेडिकल एसोसिएशन (बीएमए) के स्वामित्व वाली बीएमजे पब्लिशिंग ग्रुप प्रकाशित करती है। यह जर्नल साक्ष्य-आधारित चिकित्सा शोध, नैदानिक समीक्षाएँ, नवीन चिकित्सा प्रगति और संपादकीय लेख प्रकाशित करने के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुस्तकालयाध्यक्ष व सूचना अधिकारी संदीप कुमार सिंह, वरिष्ठ निजी सचिव विनीत कुमार सिंह, डॉ. इन्द्र कुमार शेरावत, डॉ. भावना गुप्ता तथा बीएमजे प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button