
ऋषिकेश,1 जनवरी (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बापू ग्राम बचाओ संघर्ष समिति द्वारा आयोजित बैठक में प्रतिभाग कर सुप्रीम कोर्ट द्वारा वन विभाग को दिए गए आदेश के संदर्भ में बापू ग्राम, शिवाजी नगर, मीरा नगर एवं आसपास के क्षेत्रों की रक्षा, संरक्षण और भविष्य को लेकर गंभीरता से विचार-विमर्श किया। बैठक में क्षेत्र की पहचान, स्थानीय नागरिकों के अधिकारों तथा दीर्घकालिक हितों पर विस्तार से चर्चा की गई।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र की ऐतिहासिक और सामाजिक पहचान के साथ-साथ स्थानीय निवासियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्णय में जनभावनाओं की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और व्यावहारिक, ठोस तथा कानून सम्मत समाधान की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
विधायक ने संघर्ष समिति के सदस्यों, स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए आश्वस्त किया कि क्षेत्र के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संवैधानिक और कानूनी दायरे में रहकर प्रभावी पहल की जाएगी, ताकि आमजन को किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र राणा, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सुमन, पार्षद अभिनव मलिक, पार्षद सुरेंद्र नेगी, पार्षद मुस्कान, पार्षद पिंटू रावत, पार्षद राजू बिष्ट, वरिष्ठ जन रमेश जुगलान, रामकुमार कश्यप सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विधायक द्वारा दिखाए गए सकारात्मक दृष्टिकोण और संवेदनशील नेतृत्व की सराहना करते हुए क्षेत्र हित में उनके प्रयासों पर भरोसा जताया।









